
राजपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी कॉर्पोरेट ठगी और डेटा दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आईटी पार्क सहस्रधारा रोड स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी ने केरल और कर्नाटक के चार व्यक्तियों समेत एक निजी कंपनी के खिलाफ 2.5 करोड़ रुपये की ठगी, मानहानि और गोपनीय जानकारी के दुरुपयोग की शिकायत दी है। इस संबंध में राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
शिकायतकर्ता कंपनी इनफोमो डिजिटल मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राघवेंद्र अग्रवाल के अनुसार, वर्ष 2020 में उनकी होल्डिंग कंपनी इनफोमो ग्लोबल लिमिटेड (सिंगापुर) के साथ आरोपियों ने नंटियम सॉफ्टवेयर बेचने का प्रस्ताव रखा था। इसके लिए दो समझौते किए गए, जिनमें 35 लाख रुपये नकद और 2.5 करोड़ कीमत के 17.5 लाख शेयर आरोपियों को दिए गए।
आरोप है कि भुगतान और शेयर हस्तांतरण के बाद भी आरोपियों ने सॉफ्टवेयर का सोर्स कोड उपलब्ध नहीं कराया और सॉफ्टवेयर अपेक्षित तरीके से काम नहीं कर सका, जिससे पूरी निवेश राशि बेकार हो गई। तहरीर में समदीप वार्घशी, दिलीप रामचंद्रा अदिगा, संजू पुलियंकलाठ, हृषिकेश मेनन और एमएन शेट्ठी टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप है कि बाद में आरोपियों ने अवैध रूप से बड़ी धनराशि की मांग की और मांग पूरी न होने पर कंपनी व उसके अधिकारियों को बदनाम करने के लिए ईमेल अभियान चलाया। साथ ही, निदेशकों के पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे संवेदनशील दस्तावेज भी साझा किए गए।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने जुलाई 2025 में दो कानूनी नोटिस भी भेजे, लेकिन आरोपियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited.




