
- रेस्क्यू अभियान में तेजी के साथ प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता के मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे के बाद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने टीएचडीसी गेस्ट हाउस, पीपलकोटी में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और सभी उपलब्ध संसाधनों एवं तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन एवं टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी एवं मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग देने को कहा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद उधमसिंहनगर के विधानसभा क्षेत्र खटीमा में श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सौन्दर्यीकरण किये जाने हेतु ₹ 1.00 करोड, जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के अन्तर्गत रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य माँ आदिशक्ति देवराडी देवी पौराणिक मंदिर के सौन्दर्यीकरण एवं प्रागंण के विस्तार हेतु ₹ 98.28 लाख तथा जनपद उत्तरकाशी के विकासखण्ड नौगांव के अन्तर्गत श्री यमुनोत्री धाम में मंदिर एवं जानकी चट्टी में श्री राम मंदिर से अखोरीपुल तक यमुना नदी के दोनो तरफ बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य हेतु ₹ 12.63 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
