
उत्तराखंड में अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों पर सख्ती के लिए सरकार ने आठ अक्तूबर 2025 को लागू हुए उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम 2025 को अध्यादेश लाकर संशोधित कर दिया है। लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) की मंजूरी के बाद उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम (संशोधन) अध्यादेश 2026 लागू हो गया है।
अल्पसंख्यक संस्थानों के कानून में पूर्व में धारा-11 की उपधारा-3 में ये प्रावधान किया गया था कि अल्पसंख्यक प्राधिकरण जो सिलेबस तैयार करेगा, उस पर उत्तराखंड बोर्ड के अनुमोदन की जरूरत होगी। अब सरकार ने इस शर्त को हटा दिया है। इसी प्रकार, धारा-12 की उपधारा-3 को भी हटा दिया गया है, जिसमें उत्तराखंड बोर्ड से अनुमोदन का प्रावधान किया गया था।
इस कानून की धारा-16 में प्राधिकरण को नियमों का उल्लंघन करने वाले मदरसों व दूसरे अल्पसंख्यक संस्थानों पर कार्रवाई का अधिकार दिया गया है। इसके खंड-क में स्पष्ट है कि अधिनियम की धारा-14 (मान्यता संबंधी प्रावधान) का उल्लंघन करने पर प्राधिकरण मान्यता समाप्त कर सकता है। खंड-ख में कहा गया है कि शुल्क, दान, अनुदान या अन्य वित्त पोषण स्रोत से प्राप्त धनराशि का दुरुपयोग करने पर मान्यता खत्म हो सकती है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited.




