
भाजपा ने शिक्षा निदेशक के साथ हुए मारपीट के घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निंदा की है। संगठन घटना में आरोपी विधायक उमेश शर्मा काऊ से मामले में जवाब तलब करेगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह की अराजकता और हिंसा के पूर्णतया खिलाफ है। जनसमस्या उठाना एक पहलू हो सकता है, लेकिन उसके लिए किसी को भी कानून के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस घटना को पार्टी ने गंभीरता से लिया है।
शीघ्र पार्टी अपने रायपुर विधायक उमेश काऊ से प्रकरण को लेकर जवाब तलब करेगी। जिसमें उन तमाम परिस्थितियों को लेकर भी विस्तार से जानकारी ली जाएगी, जिसके चलते यह सब घटित हुआ। कहा कि कानून अपना कार्य करेगा। जो भी दोषी पाए जाएंगे, पार्टी उन पर सख्त कार्रवाई के पक्ष में है। प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षाकर्मियों से भी संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं पर घटना का कोई असर न पड़े। इसके लिए शिक्षकों को संयम दिखाना होगा, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है।
राजधानी दून में शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद से शिक्षकों, कर्मचारियों समेत आम लोगों में आक्रोश है। चौतरफा आक्रोश के बीच शिक्षकों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की। राजकीय शिक्षक संघ के रायपुर ब्लॉक के अध्यक्ष रामेंद्र राणा ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडयाल और कार्यालय में कार्यरत मिनिस्ट्रीयल कर्मियों के साथ हुई इस निंदनीय व अपराधिक कृत्य की संघ घोर भर्त्सना और निंदा करता है। दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर से कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
घटना के विरोध में कालीमंदिर में स्थानीय लोगों ने विधायक का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियाें ने कहा कि विधायक की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने अधिकारी व कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके लिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited.




