
बदरीनाथ धाम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार देर रात करीब 11 बजे आरोपी को पुलिस ने देहरादून से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ कार्यालय लेकर आई है।
साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। उसके संभावित जगहों पर भी लगातार दबिश दी जा रही थी। आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और उसे देहरादून से गिरफ्ता किया गया। आरोपी के पास से एक शालिग्राम शिला और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। मेडिकल कराने के बाद पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। मामले से जुड़े दस्तावेज, रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited.




