
डीएवी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से गाली देने के मामले में गायक मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस प्रकरण में दून पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी गायक को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है।
डालनावाला थाने में मंच से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। कार्यक्रम के वीडियो और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
जांच के दौरान पुलिस ने यह भी सवाल उठाए हैं कि यदि गायक को किसी प्रकार की धमकी या दबाव का सामना करना पड़ा था, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को क्यों नहीं दी गई। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी स्थिति में समय पर जानकारी देना जरूरी होता है, जिससे उचित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है। गायक के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रमों की निगरानी और अनुशासन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में स्थानीय लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने के लिए मिली थी।
लोग कार्यक्रमों में मर्यादा बनाए रखने की मांग कर रहे हैं। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और गायक को भी पक्ष रखने के लिए कहा गया है। घटनाक्रम पर आयोजकों से भी पूछताछ की गई है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited.



