)
The kerala Story 2 Trailer Controversy: फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ (The Kerala Story 2) के ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. ये साल 2023 में आई ‘द केरल स्टोरी’ का सीक्वल है, जिसे विपुल अमृतलाल शाह लेकर आए थे. नए पार्ट में कहानी को और बड़े लेवल पर दिखाया गया है. इस बार सिर्फ केरल ही नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों की घटनाओं को जोड़ा गया है. ट्रेलर में इमोशनल सीन और गंभीर मुद्दों को दिखाया गया है.
मेकर्स ने ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, ‘उन्होंने हमारी बेटियों को निशाना बनाया. उन्होंने उनका भरोसा तोड़ा. उन्होंने उनका भविष्य चुराया. इस बार, हम चुप नहीं रहेंगे. कहानी इससे भी आगे की है. इस बार सहेंगे नहीं… लड़ेंगे’. ये फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. ट्रेलर की शुरुआत लव जिहाद और धर्म परिवर्त से जुड़ी एक चेतावनी से होती है.
फिल्म के ट्रेलर ने मचा दिया तहलका
इस चेतावनी में कहा जाता है कि अगले 25 साल में भारत इस्लामिक स्टेट बन सकता है. इसके बाद कहानी राजस्थान की ओर बढ़ती है. वहां एक हिंदू परिवार पुलिस स्टेशन में अपनी 16 साल की बेटी के लिए POCSO के तहत शिकायत दर्ज कराने पहुंचता है. उनका आरोप है कि बेटी पर जबरन धर्म बदलने का दबाव बनाया गया. माता-पिता का दर्द ट्रेलर में साफ नजर आता है. इसके बाद कहानी मध्य प्रदेश पहुंचती है. यहां एक हिंदू लड़की को प्यार और शादी के नाम पर धोखा दिया जाता है.
लव जिहाद-धर्म परिवर्तन पर बनी एक और फिल्म
पहले उसे भरोसा दिलाया जाता है और फिर धीरे-धीरे उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता है. लड़की की चुप्पी, उसका अकेलापन और अंदरूनी डर दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है. ट्रेलर इन भावनाओं को काफी गंभीर अंदाज में दिखाता है. फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा लीड रोल में नजर आ रही हैं. तीनों अलग-अलग राज्यों की लड़कियों का किरदार निभा रही हैं, जो प्यार में पड़ती हैं. लेकिन बाद में उन्हें पता चलता है कि उनके साथ एक बड़ी साजिश हो रही है.
27 फरवरी को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
कहानी में दिखाया गया है कि किस तरह भरोसे का फायदा उठाया जाता है और हालात धीरे-धीरे बदलते जाते हैं. केरल से जुड़ा एक हिस्सा भी ट्रेलर में दिखाया गया है. यहां एक मुस्लिम लड़का अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड से लिव-इन रिलेशनशिप की बात करता है. जब लड़की धर्म बदलने से इनकार करती है तो दोनों के बीच तनाव बढ़ जाता है. उस पर लगातार दबाव बनाया जाता है. कुल मिलाकर ट्रेलर इमोशनल, गंभीर और बहस छेड़ने वाला नजर आता है, जिसने रिलीज से पहले ही माहौल गर्म कर दिया है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




