)
Dhanush Legal Notice: सालों से साउथ सिनेमा से लेकर हिंदी सिनेमा पर राज करते आ रहे सुपरस्टार धनुष इन दिनों एक कानूनी विवाद को लेकर चर्चा में हैं. खबर है कि एक प्रोडक्शन हाउस ने उन्हें लीगल नोटिस भेजते हुए 20 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है. मामला कई साल पुराने एक फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़ा बताया जा रहा है. आरोप है कि फिल्म साइन होने के बावजूद अब तक उसकी शूटिंग शुरू नहीं हो पाई, जिससे मेकर्स को बड़ा नुकसान हुआ है.
ये नोटिस थेनांडल फिल्म्स की तरफ से भेजा गया है. कंपनी का कहना है कि साल 2016 में धनुष ने उनके साथ ‘नान रुद्रन’ नाम की फिल्म साइन की थी. शुरुआत में बताया गया था कि वे खुद इस फिल्म को डायरेक्ट भी करेंगे. लेकिन बाद में प्लान बदल दिया गया. प्रोडक्शन हाउस का दावा है कि इस बदलाव के बाद भी प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका और काम अधूरा रह गया. नोटिस में कहा गया है कि मेकर्स ने नए प्लान को मंजूरी दे दी थी, लेकिन पूरी स्क्रिप्ट समय पर नहीं मिली.
कानूनी विवाद में फंसे धनुष
इसी के चलते फिल्म की तैयारी आगे नहीं बढ़ पाई. कंपनी का आरोप है कि प्रोजेक्ट बीच में अटक गया और कई जरूरी काम पूरे नहीं हो सके. लंबे समय तक इंतजार के बाद भी शूटिंग शुरू नहीं होने से प्रोडक्शन हाउस को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. कंपनी का ये भी कहना है कि धनुष ने इस फिल्म को पूरा किए बिना दूसरी फिल्मों के लिए अपनी तारीखें दे दीं. इससे प्रोजेक्ट और पीछे चला गया. मेकर्स का दावा है कि उन्होंने शुरुआती तैयारियों पर काफी पैसा खर्च किया था.
10 साल पुरान है ये मामला
अब वही रकम वापस पाने के लिए 20 करोड़ रुपये की मांग की गई है. नोटिस में साफ कहा गया है कि तय समय में जवाब नहीं मिला तो आगे कानूनी कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल इस मामले पर धनुष की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है. ये प्रोजेक्ट साल 2016 का बताया जा रहा है, जो अब तक फ्लोर पर नहीं आ सका. ऐसे में ये विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है. इंडस्ट्री में भी इस खबर को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं.
धनुष की अगली आने वाली फिल्म
इसी बीच धनुष ने अपनी नई फिल्म का ऐलान भी कर दिया है. इस फिल्म को फिलहाल ‘D55’ नाम दिया गया है. इसका निर्देशन ‘अमरन’ फेम डायरेक्टर राजकुमार पेरियासामी करेंगे. प्रोडक्शन हाउस Wunderbar Films ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की है. टीम के साथ धनुष की तस्वीरें भी पोस्ट की गई हैं. नई फिल्म की घोषणा के बाद फैंस में उत्साह जरूर बढ़ गया है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited





