)
Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: सालों से हिंदी सिनेमा और अपने फैंस के दिलों पर राज करते आ रहे कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं. 5 फरवरी को उन्होंने सरेंडर किया था, क्योंकि दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में समय बढ़ाने की उनकी आखिरी याचिका खारिज कर दी. ये मामला साल 2010 में आई उनकी एक फ्लॉप फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा है, जिसके बाद उन पर करीब 9 करोड़ कर्ज चढ़ गया था.
राजपाल की मुश्किलों के बीच फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं. पहले खबर आई थी कि सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और अनीस बज्मी ने मदद का हाथ बढ़ाया है. अब जानकारी सामने आई है कि सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन जैसे बड़े सितारे भी उन्हें सहारा देने के लिए आगे आए हैं. इंडस्ट्री से मिल रहा यह समर्थन उनके लिए राहत भरा माना जा रहा है. हाल ही में राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने बताया कि कई बड़े लोग उनसे संपर्क कर रहे हैं.
मदद को आगे आए सलमान-अजय-वरुण
उन्होंने कहा, ‘बहुत से लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं. सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन ने समर्थन दिया है. अभी मेरी डेविड धवन से भी बात हुई. रतन नैन, वरुण धवन समेत कई लोग इस बार मदद के लिए तैयार हैं’. गोल्डी ने आगे कहा कि पूरी इंडस्ट्री राजपाल के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और ये सराहनीय है. उन्होंने बताया कि सभी ने मदद का भरोसा दिया है, लेकिन ‘ऐसे लेन-देन एक दिन में पूरे नहीं होते’. उनके मुताबिक राजपाल इस सहयोग के लिए दिल से आभारी हैं.
12 फरवरी को होगी जमानत पर सुनवाई
साथ ही उन्हें उम्मीद है कि हालात जल्द सुधरेंगे. मैनेजर ने ये भी जानकारी दी कि 12 फरवरी को उनकी जमानत पर सुनवाई तय है. गोल्डी ने कहा, ‘हमने बेल के लिए आवेदन पहले ही दाखिल कर दिया है. कल सुनवाई है और हमें उम्मीद है कि उन्हें जमानत मिल जाएगी’. उन्होंने भरोसा जताया कि सुनवाई के बाद स्थिति और साफ हो जाएगी और अच्छी खबर मिल सकती है. वहीं, कुछ लोगों ने खुलकर आर्थिक मदद का ऐलान किया. म्यूजिक डायरेक्टर राव इंदरजीत यादव ने 1.11 करोड़ रुपये देने का वादा किया है.
कोई दे रहे करोड़ों, तो कोई दे रहा लाखों
उनके अलावा नेता तेज प्रताप यादव 11 लाख रुपये की सहायता करेंगे. वहीं, केआरके ने भी 10 लाख रुपये देने की बात कही है. इस तरह कई लोग मिलकर राजपाल यादव को इस मुश्किल वक्त से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, इंडस्ट्री में कुछ नाम ऐसे भी हैं, जिनको उनका अच्छा दोस्त माना जाता है, लेकिन अभी तक उनकी तरह से कोई भी मदद का हाथ या ऐलान सामने नहीं आया, जिसको लवेकर फैंस काफी गुस्सा भी हैं, जिनमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी का नाम भी शामिल है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




