)
Vikrant Massey On Retirement Post: दिसंबर 2024 में नेशनल अवॉर्ड जीत चुके एक्टर विक्रांत मैसी ने अचानक फिल्मों से ब्रेक लेने की बात कहकर सबको चौंका दिया था. 12वीं फेल की जबरदस्त कामयाबी के बाद उनका करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था, इसलिए उनकी पोस्ट को कई लोगों ने रिटायरमेंट की तरह समझ लिया. सोशल मीडिया पर ये खबर आग की तरह फैल गई और फैंस भी कंफ्यूज हो गए.
हालांकि, बाद में विक्रांत ने खुद सामने आकर इस पूरे मामले की सच्चाई बताई. टाइम्स नाऊ को दिए इंटरव्यू में विक्रांत ने अपनी वायरल पोस्ट पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर शब्दों की लिमिट होने की वजह से उनकी बात पूरी तरह समझ नहीं पाई. विक्रांत के मुताबिक, ‘मैंने जितने शब्द मिल सके, उतने में अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन सब कुछ साफ नहीं हो पाया’.
विक्रांत मैसी ने क्यों किया था रिटायमेंट का ऐलान?
उन्होंने साफ किया कि वे रिटायर नहीं हो रहे थे, बल्कि सिर्फ कुछ समय का ब्रेक लेना चाहते थे क्योंकि वे खुद को बेहद थका हुआ महसूस कर रहे थे. विक्रांत ने ये भी बताया कि इंडस्ट्री अक्सर एक्टिंग के इमोशनल प्रेशर को नजरअंदाज कर देती है. 16-16 घंटे की शूटिंग के साथ-साथ एक ही साल में चार मुश्किल किरदार निभाना उनके लिए मेंटली काफी भारी हो गया था. ‘12वीं फेल’ और ‘द साबरमती रिपोर्ट’ जैसी फिल्मों ने उनसे बहुत कुछ मांगा.
काम से छोटा सा ब्रेक लेना चाहते थे विक्रांत मैसी
उन्हें लगने लगा था कि उनकी परफॉर्मेंस में ताजगी कम हो रही है, इसलिए उन्होंने खुद को फिर से बेहतर बनाने के लिए शुरुआत से सोचने का फैसला किया. ब्रेक लेने की एक बड़ी वजह विक्रांत का पर्सनल लाइफ से जुड़ी थी. उन्होंने एक पिता के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों पर बात की. उनका बेटा वरदान उस वक्त पैदा हुआ, जब वे लगातार काम में बिजी थे विक्रांत ने माना कि वे अपने बेटे वरदान के कई खास पल मिस कर गए.
बेटे को पहली बार ‘पापा’ कहते हुए न देखना दिल में रह गया
बेटे के पहले शब्द और पहले कदम उन्होंने सिर्फ पत्नी शीतल ठाकुर के भेजे वीडियो में देखे, जो उन्हें आज भी चुभता है. विक्रांत ने कहा, ‘अगर आप जिन पलों के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें जी ही नहीं पा रहे, तो उस सफलता का क्या मतलब’. बेटे को पहली बार ‘पापा’ कहते हुए न देख पाने का अफसोस उनके दिल में रह गया. इसी एहसास ने उन्हें झकझोर दिया कि काम और नाम बाद में भी मिल सकता है.
‘ओ रोमियो’ में नजर आने वाले हैं विक्रांत
लेकिन बच्चे के शुरुआती साल कभी वापस नहीं आते. इसी सोच के साथ उन्होंने करीब 7 महीने का ब्रेक लेकर परिवार को प्रायोरिटी दी. हालांकि, ब्रेक के बावजूद विक्रांत का प्रोफेशनल सफर रुका नहीं है. वे विशाल भारद्वाज की रोमांटिक थ्रिलर ‘ओ रोमियो’ में नजर आने वाले हैं, ये फिल्म 13 फरवरी, 2026 को रिलीज होगी. इसके अलावा वे नेटफ्लिक्स सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ से प्रोड्यूसर के तौर पर भी डेब्यू कर रहे हैं.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




