बजरंग दल के हंगामे के बाद दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों के कोटद्वार आकर माहौल खराब करने की आशंका से पुलिस फोर्स अलर्ट मोड पर है।
कोटद्वार नगर के पटेल मार्ग स्थित वकील अहमद की कपड़े की दुकान बाबा स्कूल ड्रेस एवं मैचिंग सेंटर के नाम पर उपजे विवाद में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को भी पुलिस ने कोटद्वार के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। यूपी बॉर्डर के साथ ही सनेह चौकी, चिल्लरखाल बैरियर पर पुलिस की चौकसी यथावत रही। पुलिस अब सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रख रही है।
31 जनवरी को बजरंग दल के हंगामे के बाद दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों के कोटद्वार आकर माहौल खराब करने की आशंका से पुलिस फोर्स अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सब कुछ सामान्य है। केवल सोशल मीडिया पर घटना को बढ़ा चढ़ाकर बताया जा जा रहा है। बाहरी प्रांत से यहां पहुंचकर माहौल खराब करने वालों पर निगाह रखी जा रही है।
हरिद्वार और यूपी की ओर से शहर में आने वाले हर बैरियर पर सघन चौकसी चल रही है। कोतवाली पुलिस की ओर से इस विवाद में दर्ज मामलों की भी जांच शुरू हो गई है। पटेल मार्ग पर बाबा गारमेंट्स की दुकान पर 26 जनवरी की घटना में दी गई दो पक्षों की तहरीर की जांच बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार को सौंपी गई है। वहीं 31 जनवरी को देहरादून और हरिद्वार से आकर हंगामा करने वालों की जांच उपनिरीक्षक दिनेश चमोली को सौंपी गई है। दोनों पक्षों से जुड़े लोगों की पहचान करने और बयान दर्ज कराने का सिलसिला शुरू हो गया है।
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited.