)
बॉलीवुड इंडस्ट्री की सक्सेसफुल एक्ट्रेस होने के बावजूद, तब्बू की निजी जिंदगी हमेशा से उनके माता-पिता से अलग रही है. वहीं हाल ही में एक्ट्रेस ने पहली बार अपने पिता के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है, जिसमें उन्होंने बताया जब वो महज 3 साल की थीं तभी उनके माता-पिता ने अलग होने का फैसला ले लिया था. वहीं तब्बू की परवरिश एक ऐसे परिवार में हुई, जहां महिलाओं की सफलता और स्वतंत्रता को लेकर खास ध्यान रखा जाता है.
नाना-नानी के साथ बिता बचपन
कुछ समय पहले तब्बू ने सिमी ग्रेवाल के टॉक शो में, अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करते हुए बताया था कि पेरेंट्स के डिवोर्स के बाद वो अपना नाना-नानी के घर रहने चली गईं और वहीं उनकी परवरिश हुई. तब्बू ने कहा, ‘मेरा बचपन बहुत ही अच्छा रहा. मैं पूरी जिंदगी हैदराबाद ही रही. माता-पिता के तलाक के बाद मैं अपने नाना-नानी के साथ रही. मेरी मां एक टीचर थीं इसलिए मैं ज्यादा से ज्यादा समय अपनी नानी के साथ बिताया करती थी.’
‘मेरी कभी कोई आवाज नहीं थी’
तब्बू ने आगे बातचीत के दौरान बताया कि उनकी दादी का उनके जीवन पर काफी गहरा प्रभाव पड़ा है. उन्होंने कहा, ‘मेरी दादी पूजा करती थी और खूब किताबें पढ़ा करती. मैं उसी माहौल में पली-बढ़ी हूं. मैं बहुत शर्मीली थी, मैं ज्यादा बोलती नहीं थी. सच कहूं तो एक्ट्रेस बनने के बाद भी मेरी कोई आवाज नहीं थी.’
क्यों नहीं लगाया पिता का सरनेम?
इस टॉक शो में पहली बार अपने पिता के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की, जिसमें उन्होंने बताया कि आखिर क्यों उन्होंने अपने नाम के आगे पिता का सरनेम ‘हाशमी’ नहीं लगाया है. तब्बू ने कहा, ‘मैंने इसका इस्तेमाल कभी नहीं किया. मुझे कभी एहसास ही नहीं हुआ कि मेरे लिए अपने पिता का सरनेम इस्तेमाल करना जरूरी है. मेरा मिड नेम तबस्सुम फातिमा ही था. स्कूल में फातिमा ही मेरा सरनेम था.’ पिता को लेकर आगे बात करते हुए उन्होंने बताया कि ‘मेरे जहन में उनकी कोई याद नहीं है. मेरी बहन कभी-कभी उनसे मिला करती थी. लेकिन मैं उनसे कभी नहीं मिली. मुझे उनके बारे में जानने की कोई भी इच्छा नहीं है. मैं जैसे भी बड़ी हुई हूं, मैं वैसे खुश हूं.’ आपको बता दूं कि तब्बू की मां से तलाक के बाद उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी.
वर्कफ्रंट
बॉलीवुड में तब्बू के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करें तो, प्रियदर्शनी और अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’, साउथ सुपरस्टार विजय सेतुपति के साथ पैन इंडिया फिल्म, अजय देवगन के साथ ‘दृश्यम 3’ और मीरा नायर की अगली फिल्म में नजर आएंगी. वहीं इन फिल्मों से पहले एक्ट्रेस साल 2024 की फिल्म ‘औरों में कहां दम’ में दिखाई दी थीं, जिसमें वो अजय देवगन के साथ नजर आई थीं.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




