)
Vishal Bhardwaj on Nana Patekar: फेमस डायरेक्टर विशाल भारद्वाज की हाल ही में रोमांटिक एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘ओ रोमियो’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. इस फिल्म को दर्शकों का मिला-जुला रिएक्शन मिल रहा है. फिल्म के प्रमोशन के दौरान शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी और फरीदा जलाल निर्देशक के साथ कपिल शर्मा के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ सीजन 4 में पहुंचे. इस दौरान डायरेक्टर विशाल ने नाना पाटेकर के साथ 20 साल बाद काम करने को लेकर बात की.
20 साल बाद साथ आए विशाल-नाना
कपिल शर्मा ने विशाल से पूछा कि इतने सालों से पहले नाना पाटेकर को कास्ट क्यों नहीं किया. इस पर विशाल ने कहा कि वह कभी उनके पास सही भूमिका लेकर नहीं गए. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि सभी लोग नाना से डरते जरूर है, लेकिन वह दिल से बेहद नरम इंसान हैं और अक्सर उन्हें याद दिलाते थे कि आखिर कब साथ काम करेंगे.
‘ये मेरी गलती है..’
डायरेक्टर ने आगे कहा ‘असल में ये मेरी गलती है. मैं कभी उनके पास ऐसा कोई किरदार लेकर ही नहीं गया. नाना पाटेकर से सब बहुत डरते हैं, लेकिन वो दिल के काफी नरम इंसान हैं. पाटेकर मुझसे इस बात को लेकर काफी नाराज रहते थे कि मैंने उनके साथ काम क्यों नहीं किया. वो मुझे कहीं भी पकड़ लेते और याद दिलाते कि वो नाना पाटेकर हैं, एक्टर हैं और पूछते कि कब कास्ट करोगे. मुझे ये बहुत अजीब लगता था, लेकिन आखिरकार हमने साथ काम किया.
इवेंट छोड़ कर चले गए थे नाना पाटेकर
इसी दौरान कपिल शर्मा ने नाना पाटेकर के हाल ही में वायरल हुए एग्जिट पर भी चुटकी ली. दरअसल, फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में नाना समय पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा था. इससे नाराज होकर वे इवेंट शुरू होने से पहले ही वहां से चले गए थे. इस घटना पर रिएक्ट करते हुए विशाल ने हंसते हुए कहा कि नाना क्लास के उस शरारती बच्चे की तरह हैं जो हमेशा सबसे ज्यादा परेशान करता है और सबसे ज्यादा हंसाता है.
विशाल ने बताया कि वह नाना पाटेकर को करीब 27 सालों से जानते हैं और पहली बार उनके साथ काम करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा. उन्होंने आगे बताया कि किसी कलाकार को इतना इंतजार कराना ठीक नहीं था, इसलिए उनके चले जाने पर उन्हें बुरा नहीं लगा क्योंकि यह नाना का अंदाज है. वहीं फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो Sacnilk के मुताबिक फिल्म ने पहले दो दिनों में करीब 20.75 करोड़ की कमाई की है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




