)
2026 Controversial Film Godaan: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए गायों की सुरक्षा पर बनी फिल्म ‘गोदान’ को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ये कदम फिल्म के सोशल मैसेज को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के मकसद से उठाया गया है. सरकार का मानना है कि इस तरह की फिल्मों से समाज में पॉजिटिव सोच बढ़ती है और लोगों को जरूरी मुद्दों पर जागरूक किया जा सकता है.
फिल्म ‘गोदान’ 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म का निर्देशन और निर्माण विनोद चौधरी ने किया है. हाल ही में विनोद चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की थी. इस मुलाकात के बाद फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने का फैसला लिया गया. टैक्स फ्री होने से अब दर्शक कम कीमत पर सिनेमाघरों में जाकर ये फिल्म देख सकेंगे. सीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमेशा से गोवंश की सुरक्षा और देखभाल को लेकर गंभीर रहे हैं’.
यूपी में टैक्स फ्री हुई ‘गोदान’
सरकार को उम्मीद है कि इस फिल्म के जरिए लोगों में गायों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ेगी. फिल्म समाज को ये मैसेज देती है कि गोवंश न सिर्फ हमारी संस्कृति का हिस्सा है. साथ ही सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी हम सभी की है. वहीं, एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में फिल्म के प्रमोशन इंचार्ज शांतनु शुक्ला ने कहा कि ‘गोदान’ लोगों को उनकी संस्कृति और धर्म से जोड़ने का काम करती है. उन्होंने बताया कि ये फिल्म वैज्ञानिक नजरिए से समझाती है कि गौ माता इंसानियत के लिए क्यों जरूरी हैं.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने की तारीफ
उनके मुताबिक, फिल्म का मकसद युवाओं को गौ माता के महत्व और उपयोगिता से जोड़ना है. शांतनु शुक्ला ने ये भी कहा कि फिल्म इंडस्ट्री इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है. अब फिल्में सिर्फ पारंपरिक पारिवारिक कहानियों तक सीमित नहीं रह गई हैं. आज के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर सामाजिक मुद्दों, सस्पेंस और थ्रिलर जैसे अलग-अलग विषयों पर काम कर रहे हैं. ‘गोदान’ भी इसी बदलते सिनेमा का एक उदाहरण है, जो समाज से जुड़े मुद्दे को सामने लाती है. इस फिल्म का बजट करीब 40 करोड़ है.
40 करोड़ में बन कर तैयार हुई ‘गोदान’
साथ ही इस फिल्म की शूटिंग कई खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है. इसमें उत्तराखंड की वादियां, नोएडा, मथुरा और मुंबई जैसी जगहें शामिल हैं. फिल्म को ज्यादा असरदार बनाने के लिए इसमें कई सच्ची घटनाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे कहानी और ज्यादा वास्तविक लगती है. ये फिल्म 6 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. हालांकि, फिल्म ने ओपनिंग डे पर कम कमाई की, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि यूपी में टैक्स फ्री होने के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना बजट निकाल सकती है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




