)
बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने सभी पांचों आरोपियों को 23 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मुंबई पुलिस ने कोर्ट में बताया कि इस मामले में सोमवार को गिरफ्तार किए गए सात लोग, जिनमें कथित शूटर भी शामिल है, एक अलग गिरोह से जुड़े हैं. वहीं, शुरुआती दौर में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपी पुणे से मुंबई तक वाहन और हथियार पहुंचाने वाले दूसरे गिरोह का हिस्सा हैं.
5 आरोपी मकोका कोर्ट में पेश
पुलिस दोनों गिरोहों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना चाहती है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों के बीच समन्वय कौन कर रहा था, किसके निर्देश पर काम हो रहा था और फंडिंग कौन कर रहा था. इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की रिमांड मांगी थी.
गौरतलब है कि रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाई गई थीं. मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी पुणे से लाई गई थी.
जांच के मुताबिक, यह वाहन पुणे के एक व्यक्ति का था, जिसने इसे कुछ दिन पहले 30 हजार रुपये में आरोपी आदित्य गायकी को बेचा था. बाद में आदित्य गायकी और एक अन्य आरोपी, समर्थ पोमाजी, ने इस गाड़ी को मुंबई के जुहू इलाके में तय स्थान पर छोड़ दिया था.
23 फरवरी तक पुलिस हिरासत में
क्राइम ब्रांच के अनुसार, फरार आरोपी शुभम लोनकर ने मुंबई में दहशत फैलाने की साजिश रची थी. उसने गिरफ्तार आरोपियों से कहा था कि उसे मुंबई में “कुछ बड़ा” करना है. आरोप है कि शुभम लोनकर ने एक ऐप के जरिए आरोपियों से संपर्क बनाए रखा और गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए.
पुलिस का कहना है कि वाहन खरीदकर मुंबई लाने वाले आरोपियों को शूटर की पहचान की जानकारी नहीं थी. बाद में शुभम लोनकर ने ही शूटर को गाड़ी उठाने और फायरिंग करने के निर्देश दिए थे.
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




