)
Mona Singh: 23 साल पहले ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ से टीवी इंडस्ट्री में कदम रखने वाली एक्ट्रेस मोना सिंह अब बड़े पर्दे पर भी छा गई हैं. इन दिनों उन्हें बॉलीवुड की नई फेवरेट एक्ट्रेस कहा जा रहा है. पिछले साल उन्होंने ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ (The Ba***ds Of Bollywood) में अपने किरदार से खूब सुर्खियां बटोरीं. इस साल की शुरुआत में ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ (Happy Patel: Khatarnak Jasoos) में उनके अलग अंदाज वाले निगेटिव रोल को भी काफी सराहा गया.
वहीं, वे ‘बॉर्डर 2’ (Border 2) जैसी बड़ी फिल्म का भी हिस्सा रहीं. अब ‘कोहरा 2’ (Kohrra 2) में एक परेशान, लेकिन मजबूत पुलिस अफसर के रोल में उनकी एक्टिंग को जबरदस्त तारीफ मिल रही है. मोना बताती हैं कि जब उन्हें ‘कोहरा 2’ का ऑफर मिला तो वे बेहद खुश थीं. उनके मुताबिक, ‘ऐसे शो का हिस्सा बनना हर एक्टर का सपना होता है. जब स्क्रिप्ट इतनी अच्छी लिखी हो तो काम करना और भी आसान हो जाता है’. उन्होंने कहा कि कई बार फिल्मों में स्क्रिप्ट कमजोर होती है.
2 दशकों से इंडस्ट्री में काम कर रहीं मोना सिंह
उन्होंने आगे कहा, ‘कलाकारों को शूट से पहले अपने डायलॉग बदलने पड़ते हैं. मैंने भी कई बार डायरेक्टर से पूछा है कि मेरा किरदार ऐसा क्यों बोल रहा है. तब हम मिलकर सीन दोबारा लिखते हैं’. करीब 2 दशक से ज्यादा समय से इंडस्ट्री में काम कर रहीं मोना मानती हैं कि अब वे अपने करियर के ऐसे मुकाम पर हैं जहां जरूरत पड़े तो किसी प्रोजेक्ट को मना कर सकती हैं. वे कहती हैं, ‘मैंने हमेशा वही काम चुना, जिसमें मुझे भरोसा था. ना कहना आसान नहीं होता, लेकिन मुझे पता है कि मुझे क्या नहीं करना है’.
मेरे साथ कोई डायरेक्ट नहीं बनाएगा 100 करोड़ की फिल्म
उनका मानना है कि सही फैसलों ने ही उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है. इंडस्ट्री की सोच पर बात करते हुए मोना साफ कहती हैं कि फिल्में आखिरकार एक बिजनेस हैं. उन्होंने कहा, ‘प्रोड्यूसर स्टार को पैसे की गारंटी मानते हैं. बड़े पोस्टर पर बड़ा नाम हो तो पैसा वापस आने की उम्मीद बढ़ जाती है. अगर 100 करोड़ की फिल्म सिर्फ मेरे नाम पर बने, तो मुझे नहीं लगता ऐसा होगा’. उनके मुताबिक कलाकार अक्सर किरदार निभाने वाले एक सर्विस प्रोवाइडर की तरह देखे जाते हैं.
मोना सिंह की नई सीरीज को मिल रही तारीफें
‘कोहरा 2’ में उनका किरदार काफी गहरा और इमोशनल है. मोना कहती हैं, ‘वे एक ऐसी महिला है जिसे बार-बार खुद को साबित करना पड़ता है. वे पुरुष प्रधान माहौल में काम कर रही है जहां औरतों को हल्के में लिया जाता है’. बाहर से शांत और मजबूत दिखने वाली ये पुलिस अफसर अंदर से कई परेशानियों से जूझ रही है. उन्होंने बताया, ‘वे अपने पर्सनल नुकसान और रिश्तों की तकलीफ को दबाकर आगे बढ़ती है’. उनकी इस नई सीरीज को काफी ज्यादा पसंद किया जा रहा है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




