)
Kristen Stewart Plans to Leave US: हॉलीवुड में इन दिनों बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है और इसकी वजह सिर्फ बॉक्स ऑफिस नहीं है, बल्कि कई बड़े स्टार्स हैं, जो अमेरिका छोड़ने की सोच रहे हैं. इसकी एक बड़ी वजह वहां का राजनीतिक माहौल बताया जा रहा है, जो कई कलाकारों को दबाव भरा लग रहा है. अब इसी लिस्ट में ऑस्कर नॉमिनेटेड एक्ट्रेस क्रिस्टन स्टीवर्ट का नाम भी जुड़ गया है. उन्होंने हाल ही में कहा कि मौजूदा माहौल में उनकी क्रिएटिव आजादी पर असर पड़ रहा है.
द टाइम्स ऑफ लंदन को दिए एक इंटरव्यू में क्रिस्टन स्टीवर्ट ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा चुने जाने के बाद अमेरिका को देखने का उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया है. एक्ट्रेस के मुताबिक ट्रंप की वापसी के बाद देश का सामाजिक और राजनीतिक ढांचा बिखरता हुआ सा नजर आ रहा है. उन्होंने कहा, ‘ट्रंप के दौर में रियलिटी पूरी तरह अलग और टूटती हुई नजर आ रही है’. साथ ही उन्होंने लोगों से कहा कि अपनी पसंद की दुनिया खुद बनानी चाहिए.
अमेरिका में नहीं रहना चाहतीं क्रिस्टन स्टीवर्ट
क्रिस्टन की चिंता सिर्फ सोच तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके करियर से भी जुड़ी है. जब उनसे पूछा गया, क्या वे आगे भी अमेरिका में ही रहेंगी? तो उन्होंने साफ कहा, ‘शायद नहीं’. उन्होंने बताया कि वहां उन्हें खुलकर काम करने की आजादी नहीं मिलती. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं कि वे एक्टिंग छोड़ रही हैं. उनका प्लान यूरोप जैसे खुले और आजाद माहौल वाले देशों में फिल्में बनाने का है और फिर उन्हें अमेरिकी दर्शकों तक पहुंचाने का है. अपने इरादों को लेकर क्रिस्टन स्टीवर्ट काफी बेबाक नजर आईं.
यूरोप में फिल्में बनाना चाहती हैं एक्ट्रेस
उन्होंने कहा कि वे विदेश में काम करके वही फिल्में अमेरिका में दिखाना चाहती हैं, चाहे किसी को पसंद आए या नहीं. उन्होंने यहां तक कहा कि वे अपनी बनाई फिल्मों को ‘अमेरिकी लोगों के गले तक उतार देना चाहती हैं’. उनके इस बयान से साफ है कि वे सिस्टम से नाराज जरूर हैं, लेकिन अपनी बात कहने से पीछे हटने वाली नहीं हैं. डोनाल्ड ट्रंप के साथ क्रिस्टन का टकराव कोई नया नहीं है. साल 2012 में ट्रंप ने सोशल मीडिया पर उनके और रॉबर्ट पैटिनसन के रिश्ते को लेकर कई कमेंट्स किए थे.
![]()
बहुत सारे सेलेब्स छोड़ चुके हैं अमेरिका
बाद में क्रिस्टन ने इसे ‘ऑब्सेस्ड’ जैसा बिहेवियर बताया था. आज उनकी नाराजगी सिर्फ किसी इंसान से नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम और देश की दिशा को लेकर है. क्रिस्टन स्टीवर्ट अकेली नहीं हैं जो अमेरिका छोड़ने की सोच रही हैं. हॉलीवुड एक्सोडस की चर्चा तेज हो चुकी है. एलेन डीजेनेरेस और पोर्टिया डी रॉसी यूके में बस चुकी हैं, वहीं रोजी ओ’डॉनेल भी ऐसा ही कदम उठा चुकी हैं. मशहूर डायरेक्टर जेम्स कैमरन न्यूजीलैंड में रह रहे हैं. उन्होंने कहा था कि वे वहां ‘मेंटल पीस’ के लिए गए हैं. अब देखना ये है कि क्रिस्टन क्या रास्ता चुनती हैं.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited





