)
Hera Pheri 3 Legal Dispute: राजू, श्याम और बाबूराव की वापसी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बुरी खबर है. फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ अब कानूनी पचड़े में फंसती नजर आ रही है. दरअसल, साउथ के एक प्रोड्यूसर ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सवाल उठाया है कि क्या ये फिल्म कानूनी तौर पर बनाई भी जा सकती है या नहीं. उनका दावा है कि ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के राइट्स फिरोज नाडियाडवाला के पास नहीं हैं.
Bar and Bench की रिपोर्ट के मुताबिक, सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने कोर्ट में कहा है कि फिरोज नाडियाडवाला को सिर्फ एक ही हिंदी रीमेक बनाने की परमिशन मिली थी. ये रीमेक साल 2000 में ‘हेरा फेरी’ के नाम से रिलीज हुआ था, जिसे प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था. कंपनी का आरोप है कि इसके बाद ‘फिर हेरा फेरी’ बनाकर और तीसरी फिल्म के राइट्स बेचकर नाडियाडवाला ने अपनी सीमा से बाहर जाकर काम किया.
मद्रास हाईकोर्ट पहुंचा पूरा मामला
इस मामले ने अब बड़ा कानूनी रूप ले लिया है. कोर्ट में ये सवाल उठ रहा है कि मौजूदा हालात में ‘हेरा फेरी 3’ बन पाना पॉसिबल है या नहीं. HTCity से खास बातचीत में सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर जीपी विजयकुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया, ‘मैंने 2022 में ‘रामजी राव स्पीकिंग’ के ओरिजिनल प्रोड्यूसर्स आदित्य फिल्म्स से इस फ्रेंचाइजी के पूरे राइट्स खरीदे थे’.
फिल्म के राइट्स को लेकर हुआ बवाल
विजयकुमार के मुताबिक, ओरिजिनल प्रोड्यूसर्स ने बताया था कि नाडियाडवाला को सिर्फ एक हिंदी वर्जन बनाने का हक दिया गया था. उन्होंने कहा, ‘इसके बावजूद उन्होंने 2006 में दूसरी फिल्म बना दी. उन्हें किसी भी तरह का सीक्वल, प्रीक्वल या किरदारों के इस्तेमाल की इजाजत नहीं थी’. उनका आरोप है कि ये साफ तौर पर राइट्स का उल्लंघन और धोखाधड़ी का मामला है, जिसे उस वक्त गंभीरता से नहीं लिया गया.
ओरिजिनल प्रोड्यूसर्स ने लगाए आरोप
इस मुद्दे को पहले क्यों नहीं उठाया गया? इस पर विजयकुमार ने कहा, ‘पहली फिल्म प्रियदर्शन ने डायरेक्ट की थी, जिनसे हमारे अच्छे रिश्ते हैं. दूसरी फिल्म नीरज वोरा ने बनाई और उस समय किसी को इस बात का अंदाजा नहीं हुआ’. उन्होंने आगे बताया कि बाद में जब उन्होंने खुद हिंदी में नई फिल्म बनाने की योजना बनाई और अक्षय कुमार से संपर्क किया, तब पता चला कि राइट्स पहले ही बेच दिए गए हैं.
प्रियदर्शन को नहीं कोई जानकारी
विजयकुमार ने बताया कि नाडियाडवाला को लीगल नोटिस भेजा गया, क्योंकि वे ऐसे राइट्स बेच रहे थे जो उनके पास थे ही नहीं. दूसरी ओर, अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी केप ऑफ गुड फिल्म्स ने कहा कि उन्होंने ईमानदारी से राइट्स खरीदे थे और उन्हें नाडियाडवाला के मालिक होने का भरोसा था. प्रियदर्शन से जब इस विवाद पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, ‘मुझे कोई जानकारी नहीं है’.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited





