)
बॉलीवुड के कई कलाकारों के ऊपर इस समय कानूनी तलवार लटक रही है, जिसमें राजपाल यादव के बाद अब गदर एक्ट्रेस अमीषा पटेल के सामने मुसीबत खड़ी हो गई है. दरअसल एक्ट्रेस के खिलाफ कोर्ट ने एक गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है, जो कि मुरादाबाद के एसीजेएम-5 की कोर्ट से किया गया है. इस आदेश केस में तय तारीख की सुनवाई के दौरान मौजूद न होने के कारण है. अमीषा पटेल को इस वारंट में एसीजेएम-5 की अदालत ने 27 मार्च को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है. वहीं इस मामले को लेकर अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया पर सफाई दी है.
अमीषा पटेल ने दी सफाई
अमीषा पटेल ने गैर जमानती वारंट के मामले को लेकर चुप्पी तोड़ते हुए कहा सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर स्टोरी सेक्शन में लिखा, ‘मीडिया रिपोर्ट्स में मुरादाबाद में पवन वर्मा नाम के एक आदमी के खिलाफ कुछ कार्रवाई के बारे में बताया गया है. मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि ये बहुत पुराना मामला है, जो कई साल पहले का है. इस मामले में पवन वर्मा ने एक सेटलमेंट डीड पर साइन किया था और पूरी तय रकम वापस ली थी.’
अमीषा ने आरोपों को बताया झूठा
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘इसके बावजूद ऐसा लगता है कि उसने झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई की है. मेरे वकील इस आदमी के झूठ को सामने लाने के लिए उसके खिलाफ धोखाधड़ी का सही क्रिमिनल केस शुरू कर रहे हैं, जबकि मैं अपने काम पर ध्यान देना पसंद करती हूं और उन लोगों को नजरअंदाज करती हूं जो झूठे बहाने बनाकर लोगों का ध्यान खींचते हैं.’
क्या है पूरा मामला?
अमीषा पटेल का ये कानूनी मामला लगभग 10 साल पुराना है, जो कि मुरादाबाद कोर्ट में शहर की एक इवेंट कंपनी की ओर से दर्ज कराया गया है. शिकायत में कहा गया था कि साल 2017 में अमीषा ने मुरादाबाद में एक वेडिंग फंक्शन में परफॉर्म करने के लिए इवेंट कंपनी से लगभग 11 लाख रुपये की फीस ली थी. मगर फीस लेने के बाद भी एक्ट्रेस ने परफॉर्म नहीं किया, जिसके कोर्ट में शिकायत की गई है.

इवेंट कंपनी ने शिकायत में क्या कहा?
मुरादाबाद की इवेंट कंपनी के मैनेजर पवन वर्मा ने अपने वकील पंकज शर्मा के द्वारा साल 2017 में मुरादाबाद कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी. इस शिकायत में इवेंट कंपनी चलाने वाले पवन वर्मा ने एक्ट्रेस पर आरोप लगाया था कि उन्होंने वेडिंग में परफॉर्म किए लिए 11 लाख बतौर फीस ली थी. वहीं फीस लेने के बाद एक्ट्रेस मुंबई से दिल्ली तक भी आ गईं. लेकिन, दिल्ली आते ही अमीषा पटेल ने 2 लाख रुपये और कैश की डिमांड करना शुरू कर दिया. जिसे देने से इवेंट कंपनी ऑपरेटर ने मना कर दिया, जिसके बाद एक्ट्रेस दिल्ली से ही मुंबई लौट गईं और मुरादाबाद में प्रोग्राम में परफॉर्म करने नहीं आईं.
2 साल पहले ली थी जमानत
इस पूरे मामले को लेकर एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने मुरादाबाद कोर्ट में हाजिर होकर अपनी जमानत करवा ली थी. कोर्ट में एक्ट्रेस के खिलाफ 120 B, 406 और 506 IPC के तहत केस चल रहा है. एक्ट्रेस पर आरोप है कि जमानत के बाद अमीषा पटेल ने जमानत की शर्तों का पालन नहीं किया. ऐसे में एडवोकेट पंकज शर्मा का कहना है कि अमीषा पटेल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है. कोर्ट ने उन्हें 27 मार्च को तलब किया है.
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




