)
बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने कंगना रनौत के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे विवाद पर अब रियेक्ट किया है. दरअसल, साल 2019 में कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी से कंगना की ‘सस्ती कॉपी’ कहा था. इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई थी. अब इतने सालों बाद एक इंटरव्यू में तापसी ने साफ किया है कि कंगना के प्रति उनके मन में कोई दुर्भावना नहीं है. उन्होंने कहा कि वह कंगना से दोस्ती के लिए तैयार हैं और अगर कभी मुलाकात हुई तो सम्मानपूर्वक उनसे बात करेंगी.
कंगना रनौत से झगड़े पर बोलीं तापसी पन्नू
इंटरव्यू के दौरान तापसी ने कहा, ‘मुझे याद नहीं कि मैंने कभी लड़ाई की हो. लड़ाई तब होती है जब दो लोग आपस में भिड़ते हैं. मैं कभी नहीं भिड़ी. आप ही बताइए, क्या मैंने कभी उनके खिलाफ एक भी शब्द कहा है?” उन्होंने आगे कहा कि कंगना की बहन रंगोली ने ही ‘सस्ती कॉपी’ वाला कमेंट किया था.
एक्ट्रेस ने कहा कि “उनकी बहन ने मुझे ‘सस्ती कॉपी’ कहा. उन्होंने कहा कि चूंकि मैं यहां उतनी कमाई नहीं करती, इसलिए मैं सस्ती हूं. अगर वह इतनी शानदार अभिनेत्री हैं, तो मुझे उनकी कॉपी कहे जाने से कोई आपत्ति नहीं है. आप मेरा कोई भी बयान निकाल लीजिए – मैंने उनके खिलाफ कुछ नहीं कहा है.
अनबन के बावजूद बढ़ाया दोस्ती का हाथ
तापसी और कंगना दोनों ही स्टार इंडस्ट्री से बाहर की हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि भाई-भतीजावाद के विवाद के दौरान उनके झगड़े से अप्रत्यक्ष रूप से स्टार किड्स को फायदा हुआ, तो तापसी ने जवाब दिया, “मुझे उनके बारे में तो नहीं पता, लेकिन किसी न किसी को तो किसी न किसी तरह से फायदा जरूर हुआ होगा.
जैसा कि मैंने कहा, मेरी तरफ से तो कभी कोई झगड़ा नहीं हुआ. लेकिन मुझे लगता है कि किसी न किसी को तो इससे फायदा जरूर हुआ होगा.” उन्होंने यह भी कहा कि शायद कुछ लोग ऐसे भी रहे होंगे जो नहीं चाहते थे कि वे दोनों साथ काम करें या एक साथ आएं. उन्होंने कहा, “क्योंकि उन्हें यह आशंका रही होगी कि अगर हम साथ आते, तो कुछ बहुत ही शानदार हो सकता था. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कंगना से दोस्ती करने को तैयार हैं, तो तापसी ने कहा, “बिल्कुल. मैंने हमेशा कहा है कि अगर मैं उन्हें कभी आसपास देखूंगी, तो मैं उनसे जरूर मिलूंगी… तकनीकी रूप से, वह मेरी सीनियर हैं. मैं उनसे मिलकर सम्मानपूर्वक नमस्कार क्यों नहीं करूंगी? उनकी प्रतिक्रिया क्या होगी, इसकी मैं गारंटी नहीं दे सकती. मैं सिर्फ अपने व्यवहार की गारंटी दे सकती हूं. सच कहूं तो, मेरे दिल में उनके खिलाफ कुछ भी नहीं है.”
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited




