)
Salman Khan Defamation Case: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और ‘दबंग’ डायरेक्टर अभिनव कश्यप के बीच का विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है. हाल ही में आई खबरों के मुताबिक, कोर्ट ने अभिनव कश्यप और कुछ लोगों पर सलमान और उनके परिवार के खिलाफ किसी भी तरह का बयान देने पर रोक लगा दी है. ये आदेश तब आया जब सलमान खान ने अभिनव और कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया.
अदालत ने साफ कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर किसी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. सलमान खान की ओर से कोर्ट में वकील प्रदीप गांधी ने पक्ष रखा और उन इंटरव्यूज पर रोक लगाने की मांग की, जिनमें सलमान को लेकर विवादित बातें कही गई थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान ने इन बयानों से हुई इमेज की हानि के लिए 9 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है.
सलमान खान ने अभिनव कश्यप पर किया केस
सलमान का कहना है कि अभिनव के दिए बयान पूरी तरह से झूठे, अपमानजनक और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले हैं. इस कानूनी आदेश के बाद अब अभिनव पब्लिकली सलमान के खिलाफ कुछ नहीं बोल पाएंगे. अभिनव कश्यप का बॉलीवुड में करियर काफी पुराना रहा है और सलमान के साथ विवाद होने से पहले वे एक सक्सेसफुल राइटर के तौर पर पहचान बना चुके थे. उन्होंने ‘जंग’ और ‘युवा’ जैसी फिल्मों में अपना योगदान दिया.
अभिनव कश्यप का फिल्मी सफर
साथ ही ‘मनोरमा सिक्स फीट अंडर’ जैसी फिल्मों के डायलॉग लिखे थे. साल 2010 में उन्होंने फिल्म ‘दबंग’ के साथ निर्देशन की दुनिया में कदम रखा. इस फिल्म ने न केवल सोनाक्षी सिन्हा को लॉन्च किया बल्कि सलमान खान को ‘चुलबुल पांडे’ जैसा यादगार किरदार देकर उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया. ‘दबंग’ की जबरदस्त सफलता के बावजूद अभिनव कश्यप ने इसके दूसरे पार्ट का डायरेक्शन नहीं किया, जिसने उस वक्त कई सवाल खड़े किए थे.
इंटरव्यू में सलमान खान के लिए बोले थे अपशब्द
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अभिनव ने सलमान खान के साथ काम करने का अपना एक्सपीरियंस शेयर किया. उन्होंने आरोप लगाया कि सलमान खान को एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं है और वे पिछले 25 सालों से केवल अपनी स्टारडम और ताकत का आनंद ले रहे हैं. अभिनव ने यहां तक कह दिया कि सलमान एक ‘गुंडा’ की तरह व्यवहार करते हैं. अपने इंटरव्यू में अभिनव ने बॉलीवुड के ‘स्टार सिस्टम’ पर भी कड़ा प्रहार किया था.

सलमान खान को बोला भला-बुरा
उनका कहना है कि सलमान खान इस सिस्टम के जनक हैं और ये लोग बहुत ही बदला लेने वाला स्वभाव के होते हैं. अभिनव के मुताबिक, ये बड़े सितारे पूरी फिल्म मेकिंग की प्रोसेस को कंट्रोल करते हैं और अगर कोई उनकी बात नहीं मानता, तो वे उसके पीछे पड़ जाते हैं और उसका करियर बर्बाद करने की कोशिश करते हैं. इन्हीं गंभीर आरोपों के बाद मामला कोर्ट तक जा पहुंचा है. फिलहाल, कोर्ट के इस कड़े रुख के बाद अभिनव कश्यप को अपनी बयानबाजी पर लगाम लगानी होगी.
कोर्ट ने बयानों पर लगाई रोक
सलमान खान की टीम इस मामले को गंभीरता से ले रही है ताकि उनकी और उनके परिवार की साख को और नुकसान न पहुंचे. इंडस्ट्री में इस विवाद ने एक बार फिर खेमेबाजी और बड़े सितारों के प्रभाव पर बहस छेड़ दी है. अब देखना ये होगा कि कोर्ट में मानहानि के इस केस का क्या नतीजा निकलता है और अभिनव इस कानूनी लड़ाई का सामना कैसे करते हैं?
Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt
This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited





