July 22, 2026

उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने सरकार के खिलाफ की जोरदार नारेबाजी

उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने सरकार के खिलाफ की जोरदार नारेबाजी

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से जेई और एई भर्तियां जारी करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा सचिवालय कूच के लिए निकल पड़े। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले जुटे युवाओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाएं लंबित हैं, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने मांग की कि जेई और एई समेत अन्य पदों पर जल्द से जल्द भर्ती विज्ञापन जारी किए जाएं और नियमित भर्ती कैलेंडर घोषित किया जाए, ताकि युवाओं को स्पष्ट दिशा मिल सके।

युवाओं ने इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई और सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली, जिससे प्रशासन में भी हलचल रही। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर छात्र-युवाओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को अग्रगामी छात्र-नौजवान सभा के बैनर तले युवाओं ने नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर सरकार और सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा का पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया। आरोप लगाया गया कि इस मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता सामने आई है और बड़े पैमाने पर पैसों के लेन-देन के जरिए परीक्षा की शुचिता को प्रभावित किया गया।

युवाओं ने दावा किया कि पिछले वर्षों में भी कई प्रतियोगी परीक्षाएं पेपर लीक की भेंट चढ़ चुकी हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और धांधली के चलते परीक्षाओं का सिस्टम अविश्वसनीय होता जा रहा है और इसका खामियाजा मेहनत करने वाले छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।

छात्र-युवाओं ने अपनी मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने, एनटीए को समाप्त कर पुरानी परीक्षा व्यवस्था बहाल करने, पेपर लीक से प्रभावित अभ्यर्थियों को आर्थिक मुआवजा देने, दोषी कंपनियों से हर्जाना वसूलने और व्यावसायिक परीक्षाओं का केंद्रीकरण खत्म करने की मांग की है। प्रदर्शनकारी युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Doonited Affiliated: Syndicate News Hunt

This report has been published as part of an auto-generated syndicated wire feed. Except for the headline, the content has not been modified or edited by Doonited.

 

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *